छोड़कर सामग्री पर जाएँ

अभियान संवेदना’ का कड़ा प्रहार: रायगढ़ में महिला गार्ड से छेड़छाड़ करने वाला सिक्योरिटी इंचार्ज गिरफ्तार, भेजा गया जेल

  • Raigarh

केबिन में बुलाकर दी थी नौकरी से निकालने की धमकी; एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले— “महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं”

जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए संचालित “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। महिला थाना रायगढ़ ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी प्लांट में कार्यरत महिला सिक्योरिटी गार्ड से छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

प्रकरण के अनुसार, पीड़िता फरवरी 2026 से चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक निजी प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रही है। प्लांट का गार्ड इंचार्ज राजा बनर्जी उस पर बुरी नीयत रखता था और लगातार अश्लील टिप्पणियां करता था।

  • 5 मई 2026: आरोपी ने रजिस्टर चेक कराने के बहाने पीड़िता को अपने केबिन में बुलाया। वहां उसने अश्लील बातें कीं और विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी। आरोपी लगातार पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।
  • 13 जून 2026: आरोपी ने हदें पार करते हुए पीड़िता को कॉलोनी स्थित अपने कमरे में सफाई के बहाने बुलाया। वहां अकेला पाकर आरोपी ने उसका हाथ-बांह पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीड़िता किसी तरह खुद को छुड़ाकर वहां से भागी और अपने सहकर्मियों व सहेलियों को आपबीती सुनाई।
  • 15 जून 2026: पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए महिला थाना रायगढ़ में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 60/2026 दर्ज किया गया। मामले में नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

​घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस की एक विशेष टीम ने जाल बिछाया और 18 जून को प्लांट के समीप घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:

राजा बनर्जी (पिता: स्वर्गीय सी.के. बनर्जी), निवासी: आलोक विहार सोसाइटी, थाना टेल्को, जिला सिंहभूम (झारखंड)। वर्तमान पता: जूनाडीह जामगांव, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़।

इस टीम ने निभाई सराहनीय भूमिका

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और डीएसपी (अजाक/महिला सेल) श्रीमती उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में इस पूरी कार्रवाई को महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, महिला प्रधान आरक्षक मालती कंवर, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, प्रधान आरक्षक संदीप भगत और आरक्षक राज सोनी की मुख्य भूमिका रही।

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नए आपराधिक कानूनों में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर बेहद कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। रायगढ़ पुलिस ‘अभियान संवेदना’ के माध्यम से महिला अपराधों पर संवेदनशीलता और सख्ती, दोनों के साथ कार्य कर रही है। पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर हर अपराधी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।”

— श्री शशि मोहन सिंह (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़)

ख़बर शेयर करें: