कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि राहुल गांधी ने मां की तबीयत के चलते अपना केरल दौरा रद्द कर दिया।
कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले 24 मार्च को भी उन्हें बुखार और सिस्टेमिक इन्फेक्शन की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी को मंगलवार रात 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टर पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट में संभावित संक्रमण की जांच कर रहे हैं।
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी अस्पताल पहुंचे। मां की तबीयत को देखते हुए, उन्होंने केरल का अपना तय कार्यक्रम रद्द कर दिया।
वहीं राहुल गांधी ने कोझिकोड में आयोजित एक रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं यहां आना चाहता था, लेकिन मुझे दिल्ली में रुकना पड़ा क्योंकि मेरी मां अस्पताल में भर्ती हैं। एक बेटे के तौर पर मैं काफी चिंतित था।’
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि मुझे भरोसा है कि केरल के लोग इसे समझेंगे। पूरी रात मैं मां की सेहत को लेकर परेशान रहा। इस दौरान मुझे सबसे ज्यादा सुकून केरल की एक नर्स से मिला, जो हर घंटे आकर मेरी मां की जांच कर रही थी।
बता दें कि इससे पहले भी सोनिया गांधी को पिछले साल जून में पेट से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब उन्हें गैस्ट्रो विभाग में निगरानी में रखा गया था। वहीं 7 जून 2025 को उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था।
