छोड़कर सामग्री पर जाएँ

प्यार में धोखा, रिश्ते का अंत मौत से — महिला अधिवक्ता हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा

  • Raigarh

रायगढ़ जिले के महिला अधिवक्ता की बेरहमी से हुई हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। आरोपी की पहचान सक्ती जिले के चारपारा निवासी लोकनाथ पटेल के रूप में हुई है। पूरे मामले का खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी शशिमोहन सिंह ने किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला अधिवक्ता के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी ने महिला अधिवक्ता से अपनी शादीशुदा जिंदगी की सच्चाई छुपाकर रखा था और खुद को अविवाहित बताकर लगातार उसे धोखे में रखता रहा। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत और मुलाकातें चल रही थीं।

कुछ समय पहले महिला अधिवक्ता को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिली। सच्चाई सामने आने के बाद महिला ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। आरोपी को डर था कि उसकी सच्चाई सार्वजनिक हो जाएगी और उसका पारिवारिक जीवन भी बर्बाद हो सकता है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसी डर और विवाद के चलते महिला अधिवक्ता को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। घटना वाले दिन आरोपी महिला को अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पहले दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए पहले महिला का गला दबाया, फिर सिर पर पत्थर से कई वार किए। जब इससे भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर महिला अधिवक्ता की निर्मम हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और लगातार पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इस जघन्य हत्याकांड ने एक बार फिर रिश्तों में धोखा, विश्वासघात और अपराध की भयावह तस्वीर सामने ला दी है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी लोकनाथ पटेल
ख़बर शेयर करें: