छोड़कर सामग्री पर जाएँ

यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज पर पुरानी भिलाई थाने में ब्लैकमेलिंग और उगाही का नया केस दर्ज…

  • Raigarh

भिलाई। छत्तीसगढ़ के चर्चित और विवादित यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की कानूनी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट मामले में पहले से ही सलाखों के पीछे बंद दोनों आरोपियों के खिलाफ अब पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक और गंभीर एफआईआर (FIR) दर्ज की है। इस बार दोनों पर एक महिला संचालक को ब्लैकमेल करने, अवैध वसूली करने और सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देने के संगीन आरोप लगे हैं।

आधार कार्ड का बहाना और बातचीत रिकॉर्ड करने का खेल

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला पिछले पांच वर्षों से ग्राम उमदा में एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSC – Customer Service Centre) संचालित कर रही हैं। कुछ समय पहले आरोपी सागर साहू और पुष्पराज सिंह उनके केंद्र पर पहुंचे थे।

  • झांसा: आरोपियों ने महिला से ‘आधार कार्ड’ की फोटोकॉपी कराने का बहाना बनाया।
  • साजिश: इस दौरान उन्होंने महिला को अपनी बातों में उलझाकर एक लंबी बातचीत की।
  • कंटेंट मैनिपुलेशन: महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उस बातचीत के कुछ हिस्सों को अपनी सुविधानुसार तोड़-मरोड़कर (Edit) एक भ्रामक वीडियो तैयार कर लिया और उसे ‘समाचार’ के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल करने की योजना बनाई।

35 हजार रुपये ऐंठे, फिर कर दी 2 लाख की नई डिमांड

जब पीड़ित महिला को इस फर्जी वीडियो के बारे में पता चला, तो उन्होंने अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए आरोपियों से इसे हटाने की मिन्नतें कीं। लेकिन कथित पत्रकारों/यूट्यूबर्स ने इसे कमाई का जरिया बना लिया।

वसूली का पैटर्न: वीडियो डिलीट करने के एवज में आरोपियों ने 50,000 रुपये की मांग की। बदनामी और लोक-लाज के डर से पीड़ित महिला ने जैसे-तैसे 35,000 रुपये आरोपियों को दे दिए। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने वीडियो तो हटा दिया, लेकिन उनका लालच और बढ़ गया। कुछ ही दिनों बाद उन्होंने महिला से 2 लाख रुपये की नई मांग कर दी।

​जब महिला ने और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने महिला को बदनाम करने के इरादे से तीन से अधिक भ्रामक वीडियो बनाकर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिए।

पुलिस की कार्रवाई और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

महिला की लिखित शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, अवैध उगाही और डराने-धमकाने की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। महिला ने पुलिस प्रशासन से सख्त से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

ख़बर शेयर करें: