छोड़कर सामग्री पर जाएँ

  रायगढ़ में हैवानियत की सारी हदें पार: में वीभत्स हालत में मिली महिला अधिवक्ता की लाश, कोर्ट में श्रद्धांजलि, SP से मिला वकीलों का दल; मोबाइल ‘मैसेज’ से गहराया रहस्य..

शहर से सटे पूंजीपथरा इलाके में 12 मई को जिस अज्ञात युवती की बेहद खौफनाक और नग्न अवस्था में लाश मिली थी, उसकी शिनाख्त हो गई है। वह कोई और नहीं, बल्कि रायगढ़ न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली एक युवा महिला अधिवक्ता (Junior Lawyer) थी। लैलूंगा-तमनार क्षेत्र की रहने वाली इस युवती के साथ जिस दर्जे की हैवानियत की गई है, उसने पूरे शहर की रूह कंपा दी है। हत्यारों ने न सिर्फ बेरहमी से उसका कत्ल किया, बल्कि पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए उसके ही मोबाइल से एक बेहद शातिर साजिश भी रची। इस नृशंस हत्याकांड के विरोध में आज रायगढ़ न्यायालय में वकीलों द्वारा शोक सभा का आयोजन कर मृतका को श्रद्धांजलि दी गई। फिलहाल अधिवक्ता संघ का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल रायगढ़ एसपी से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग कर रहा है।

पूंजीपथरा के कटेल टिकरा में 12 मई को मिली थी अज्ञात युवती की लाश, अब ‘महिला अधिवक्ता’ के रूप में हुई शिनाख्त

हैवानियत की इंतहा: पुलिस इश्तहार के अनुसार शव नग्न था, गला कटा था और पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भारी पत्थर से कुचला गया था

हत्यारों की शातिर चाल: लापता होने के बाद भी युवती के मोबाइल से उसके परिचितों को लगातार भेजे जा रहे थे मैसेज

घटना वाले दिन एक ‘फंक्शन’ में जाने की बात कहकर घर से निकली थी युवती, मोबाइल चैट से खुलेगा हत्या का राज

वकीलों में भारी आक्रोश: कोर्ट में शोक सभा के बाद CJM को ज्ञापन, निष्पक्ष जांच के लिए SP से मिलने पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

इश्तहार में दर्ज हैवानियत की वो खौफनाक दास्तान

इस हत्याकांड में दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी गई हैं। थाना पूंजीपथरा द्वारा जारी किए गए आधिकारिक इश्तहार (अपराध क्रमांक 108/2026, बीएनएस की धारा 103(1), 238) के विवरण ने झकझोर कर रख दिया है। 12 मई की दोपहर कटेल टिकरा की शासकीय जमीन पर युवती का शव औंधे मुंह पड़ा मिला था। शरीर पर कपड़े नहीं थे, गर्दन पर चाकू से वार के गहरे निशान थे और सिर के पिछले हिस्से में एक भारी पत्थर रखा हुआ था। साक्ष्य और पहचान छिपाने के लिए हत्यारों ने युवती के चेहरे को इतनी बेरहमी से कुचला था कि पहली नजर में शिनाख्त करना नामुमकिन था। घटनास्थल पर बिखरे कपड़े और हालात चीख-चीख कर किसी बड़ी दरिंदगी और गहरी साजिश की गवाही दे रहे थे।

मोबाइल के ‘मैसेज’ और साजिश का गहराता सस्पेंस

Rig 24 और खबर नवीश इन्वेस्टिगेशन और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड में हत्यारों ने पुलिस की जांच को भटकाने के लिए एक बेहद शातिर ‘स्क्रिप्ट’ तैयार की थी। जानकारी के मुताबिक, आखिरी बार जब युवती रायगढ़ स्थित अपने घर से निकली थी, तो उसने दोस्तों को बताया था कि वह पूंजीपथरा में अपने किसी रिश्तेदार के यहां एक ‘फंक्शन’ में शामिल होने जा रही है।

सबसे खौफनाक बात यह है कि युवती के लापता होने के बाद भी उसके परिचितों को उसके मोबाइल से लगातार कुछ मैसेज मिल रहे थे। यह स्पष्ट रूप से हत्यारों की चाल थी, ताकि परिजनों और दोस्तों को लगे कि वह सुरक्षित है और उसकी तलाश में देरी हो सके। वे मैसेज क्या थे और किसने टाइप किए? इसका राज अब साइबर सेल की जांच में ही खुलेगा।

वकीलों में भारी आक्रोश, एसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल

एक युवा और होनहार महिला वकील के साथ हुई इस बर्बरता ने रायगढ़ के पूरे अधिवक्ता संघ को झकझोर कर रख दिया है। आज शुक्रवार को न्यायालय परिसर में एक विशेष शोक सभा आयोजित की गई, जहां नम आंखों से युवती को श्रद्धांजलि दी गई।

​इसके तुरंत बाद वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल रायगढ़ एसपी शशि मोहन सिंह से मुलाकात करने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच चुका है। अधिवक्ता संघ द्वारा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) के माध्यम से भी ज्ञापन सौंपा जा रहा है, जिसमें इस अंधे कत्ल की निष्पक्ष जांच और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी के फंदे तक पहुंचाने की मांग की गई है। रायगढ़ पुलिस का दावा है कि वह इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के बेहद करीब है। अब पूरे शहर की निगाहें पुलिस के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।

ख़बर शेयर करें: