छोड़कर सामग्री पर जाएँ

IPL सट्टे में रायगढ़ पुलिस का करारा प्रहार लाखो के नगद और नोट गिनने की मशीन, नामी सटोरिए गिरफ्तार! सिंडिकेट का मास्टरमाइंड ‘पिंटू हलवाई’ फरार

रायगढ़। जिले में चल रहे IPL क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और समन्वित स्ट्राइक की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश दी। इस ‘मेगा रेड’ में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए एक महिला समेत 5 बड़े खाईवालों को गिरफ्तार किया है। नेटवर्क का पैमाना इतना बड़ा था कि सटोरियों के ठिकाने से लाखों रुपये नकद और ‘नोट गिनने की मशीन’ तक बरामद की गई है। इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड ‘पिंटू हलवाई’ अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

गिरफ्तार आरोपी गण

चांदमारी में चल रहा था ‘कैश’ का खेल, मशीन से गिने जा रहे थे नोट

​कार्रवाई का सबसे बड़ा खुलासा पुराना पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के पास और चांदमारी क्षेत्र में हुआ। पुलिस को भनक लगी थी कि यहां एक राशन दुकान की आड़ में सट्टे का बड़ा नेटवर्क चल रहा है। पुलिस ने जब दबिश दी तो रितेश डालमिया नामक युवक मोबाइल पर सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया।

रितेश की निशानदेही पर पुलिस ने चांदमारी इलाके में मुख्य सरगना ‘पिंटू हलवाई’ के ठिकाने पर रेड मारी। वहां से पिंटू के भतीजे रौनक मोदनवाल और पिंटू की पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया गया। इस ठिकाने से पुलिस ने 2 लाख 69 हजार रुपये नकद और सट्टे की भारी-भरकम रकम गिनने के लिए रखी गई ‘इलेक्ट्रॉनिक नोट काउंटिंग मशीन’ बरामद की।

​कोतरा रोड: ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस से सट्टा

​दूसरी बड़ी कार्रवाई कोतरा रोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में हुई। यहां साकेत सिंघानिया नामक सटोरिया छिपकर मोबाइल के जरिए IPL मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था। पुलिस ने जब उसका मोबाइल खंगाला तो उसमें ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और लाखों के लेन-देन के डिजिटल सबूत मिले। पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन-13 प्रो और विवो का फोन जब्त किया है।

​रामभांठा: किराए के मकान से चल रहा था नेटवर्क

​तीसरी रेड रामभांठा के संजय मैदान इलाके में एक किराए के मकान के दूसरे माले पर की गई। यहां प्रदीप कुमार पाण्डेय नाम का व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा एप (क्रिकेट गुरु) के जरिए बेटिंग करवा रहा था। पूछताछ में प्रदीप ने कबूला कि वह भी मास्टरमाइंड पिंटू हलवाई के गिरोह का ही हिस्सा है।

4.70 लाख का माल जब्त, मास्टरमाइंड की तलाश तेज

सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 2.70 लाख रुपये नकद, 6 महंगे फोन (आईफोन, वनप्लस आदि) और नोट गिनने की मशीन सहित करीब 4.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। हालांकि, इन तीनों ठिकानों का मुख्य सूत्रधार ‘पिंटू हलवाई’ पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसे तीनों मामलों में नामजद आरोपी बनाया है और उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

ख़बर शेयर करें: