छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ऑपरेशन आघात: रायगढ़ पुलिस की महा-स्ट्राइक; डबल नंबर प्लेट वाली लग्जरी कारों से ₹1.86 करोड़ का गांजा जब्त, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से मध्य प्रदेश जा रही नशे की बड़ी खेप लैलूंगा में ब्लॉक; एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में स्मगलर्स का इंटरस्टेट नेक्सस ध्वस्त

रायगढ़, 5 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 300 किलो गांजे की एक विशाल खेप को जब्त किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर उड़ीसा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही इस खेप को पकड़ा। पकड़े गए माल और लग्जरी गाड़ियों की कुल कीमत 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी गई है।

शातिर चाल: इनोवा में लगी थी डबल नंबर प्लेट!

तस्करी को अंजाम देने के लिए तस्करों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। लैलूंगा पुलिस ने जब कटकलिया मार्ग पर एक संदिग्ध सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा को रोका, तो पुलिस की आंखें फटी रह गईं।

  • ​गाड़ी में OD-10-H-0050 नंबर प्लेट के ठीक नीचे CG-13-BY-6540 नंबर की दूसरी प्लेट छिपाकर लगाई गई थी, ताकि अलग-अलग राज्यों की पुलिस को चकमा दिया जा सके।
  • ​इस इनोवा के साथ एक और लग्जरी कार मारुति सुजुकी XL-6 भी पायलट गाड़ी के रूप में चल रही थी।

सलाखों के पीछे पहुंचे ‘हाई-टेक’ स्मगलर्स

  1. निखिल कश्यप (23 वर्ष): निवासी- रामानुजगंज, जिला बलरामपुर (छ.ग.) — यह डबल नंबर प्लेट वाली इनोवा चला रहा था।
  2. रिंकु कश्यप (28 वर्ष): निवासी- दरिमा, जिला सरगुजा (छ.ग.) — XL-6 कार में सवार।
  3. धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष): निवासी- राजेन्द्रनगर, जिला अनूपपुर (म.प्र.) — माल की डिलीवरी लेने और रूट गाइड करने के लिए साथ था।

अब MP और सरगुजा में फैले नेटवर्क की बारी, पुलिस टीम रवाना

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि यह खेप ओडिशा के सोनपुर से लोड होकर मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सप्लाई होनी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस की एक विशेष टीम को सरगुजा और अनूपपुर (MP) के लिए रवाना कर दिया गया है ताकि इस पूरे ड्रग नेक्सस के मुख्य सरगनाओं को दबोचा जा सके।

कड़क संदेश: स्मगलरों का नेक्सस तोड़कर रहेंगे — एसएसपी

नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की यह जीरो-टॉलरेंस कार्रवाई है। जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए हम सिर्फ पेडलर्स को नहीं, बल्कि अंतर्राज्यीय तस्करों के पूरे बैकएंड नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर रहे हैं।”

श्री शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़

इस सिंघम टीम को मिली कामयाबी

इस बड़े ऑपरेशन को सफल बनाने में लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक देव कुमार राठिया, नंदू पैकरा और आरक्षक शशि भूषण साहू, शशि भूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमार साय भगत व विनोद कुजूर की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें: