छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ड्यूटी से गायब होकर कोरबा में जुआ खेल रहा था सक्ती का आरक्षक, एसपी ने किया सस्पेंड

24 जून 2026: सक्ती जिले में अनुशासनहीनता और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक (SP) ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। कर्तव्य से अनाधिकृत रूप से गायब रहकर पड़ोसी जिले कोरबा में जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़े गए एक आरक्षक चालक को सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

बिना अनुमति ड्यूटी से था गायब, जुए के फड़ पर पड़ी रेड

मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सक्ती पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक चालक क्रमांक 353 मनोज कुमार सारथी (पिता सुरजूराम सारथी, उम्र 40 वर्ष, निवासी जांजगीर) बीते 22 जून 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना या सक्षम अनुमति के अपने कर्तव्य से गैर-हाजिर था।

अपनी अनुपस्थिति की अवधि में आरक्षक सक्ती छोड़कर पड़ोसी जिला कोरबा पहुंच गया। वहां वह जिला कोरबा के पुलिस चौकी रजगामार क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे एक जुए के फड़ पर दांव लगा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रजगामार चौकी प्रभारी द्वारा जुआरियों के खिलाफ घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

नए जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस की इस अचानक छापेमारी में मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर अन्य जुआरियों के साथ सक्ती के आरक्षक चालक मनोज कुमार सारथी को भी रंगे हाथों दबोच लिया। कोरबा पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

एसपी प्रफुल्ल ठाकुर की दो टूक- “अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे तो होगी जेल”

जैसे ही आरक्षक मनोज कुमार सारथी की इस करतूत और उसकी गिरफ्तारी की रिपोर्ट सक्ती मुख्यालय पहुंची, सक्ती पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने इसे सेवा नियमों का घोर उल्लंघन और विभाग की छवि धूमिल करने वाला कृत्य माना। एसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरक्षक चालक क्रमांक 353 मनोज कुमार सारथी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

ख़बर शेयर करें: