संस्कारधानी रायगढ़ को नशे की काली दुनिया में धकेलने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ अब काल बनकर टूट रहा है। सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस ‘डबल स्ट्राइक’ में भारी मात्रा में गांजा और युवाओं की नसों में उतारे जाने वाले नशीले ‘बुट्रम’ इंजेक्शन के साथ कुल पांच तस्करों को दबोचा गया है।
बीड़पारा: गांजे की खेप के साथ दो सगे साढू गिरफ्तार
पहली बड़ी कार्रवाई बीड़पारा इलाके में हुई। पुलिस को मुखबिर से पक्की भनक मिली थी कि इरशाद खान (37) के मकान में गांजे की बड़ी खेप उतरी है। पुलिस टीम ने जब घर पर छापा मारा, तो अंदर एक प्लास्टिक बोरी में छिपाकर रखा गया 6.168 किलो गांजा (6 पैकेट) बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर इरशाद ने उगला कि वह यह गोरखधंधा जोगीडीपा निवासी अपने साढू मोहम्मद वसीम (43) के साथ मिलकर चलाता है। पुलिस ने तत्काल वसीम को भी धर दबोचा, जिसने कबूल किया कि नशे की यह खेप ओडिशा के एक सप्लायर से मंगवाई गई थी। दोनों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
रामलीला मैदान: नाबालिगों को बना रहे थे नशे का आदी
दूसरी और अधिक चिंताजनक कार्रवाई रामलीला मैदान के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ शातिर तस्कर नाबालिग बच्चों को ‘बुट्रम’ (Butrum) इंजेक्शन लगाकर नशे का आदी बना रहे हैं। पुलिस की रेड पड़ते ही वहां हड़कंप मच गया। मौके से सोनिया नगर निवासी सूरज पंडित (19) और संजय नगर निवासी विमल केरकेट्टा (23) को एक अपाचे बाइक (CG13AY3523) के साथ पकड़ा गया।
तलाशी में इनके पास से 24 नग नशीले इंजेक्शन, सिरिंज और ₹7370 नगद बरामद हुए। जब पुलिस ने इनका नेटवर्क खंगाला तो इन्होंने खरसिया के सरोज उर्फ बबलू यादव (29) का नाम लिया, जिससे ये माल खरीदते थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सरोज यादव को भी घड़ी चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों पर बीएनएस की धारा 123, 275, 286 और जेजे एक्ट (JJ Act) 77 के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।
SSP की सख्त चेतावनी: “बख्शे नहीं जाएंगे युवाओं के दुश्मन”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने इस पूरी कार्रवाई पर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा, “नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विशेषकर युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
शहर में चल रहे इस अभियान से नशे के कारोबारियों में भारी दहशत का माहौल है। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।



