छोड़कर सामग्री पर जाएँ

आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल”: दुर्ग पुलिस की कस्टडी में स्टंटबाज की ‘रीलबाजी’, कानून के खौफ पर बड़ा तमाचा

कहते हैं कानून के हाथ लंबे होते हैं और उसका खौफ अपराधियों में होना चाहिए, लेकिन दुर्ग जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। यहां अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे पुलिस की नाक के नीचे न सिर्फ कानून को ठेंगा दिखा रहे हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर इसका बकायदा जश्न भी मना रहे हैं।

ताजा मामला भिलाई का है, जहां सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले एक सनकी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन जेल जाने के डर की जगह आरोपी पुलिस की गाड़ी में ही रील बनाता नजर आया।

दरअसल, भिलाई की सड़कों पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवक युवराज सोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो संज्ञान में आने के बाद सुपेला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। शनिवार शाम को सुपेला पुलिस ने बकायदा एक प्रेस नोट जारी कर अपनी पीठ थपथपाई कि खतरनाक स्टंट करने वाले आरोपी युवराज सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है और उस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेकिन, पुलिस की इस ‘सफलता’ की हवा खुद आरोपी ने चंद घंटों में निकाल दी।

गिरफ्तारी के बाद जहां आम अपराधी कोर्ट और जेल के नाम से थर-थराते हैं, वहीं युवराज सोनी ने पुलिस वाहन को ही अपना रील स्टूडियो बना डाला।

  • पहला दुस्साहस: आरोपी ने पुलिस की गाड़ी के अंदर बैठकर एक वीडियो शूट किया।
  • दूसरा दुस्साहस: वीडियो में वह अपने हाथों में लगी सरकारी हथकड़ी को शान से दिखाते हुए हंस रहा है और ‘विक्ट्री’ (जीत) का साइन बना रहा है।
  • तीसरा दुस्साहस: इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए उसने कैप्शन लिखा— “आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल”

बताया जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्त में आने के महज 3 घंटे बाद ही उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से यह रील अपलोड कर दी गई, जो अब तेजी से वायरल हो रही है।

ख़बर शेयर करें: