घर में घुसकर वसूली की धमकी देने वाले ‘बदमाशों’ की निकली हेकड़ी; एसएसपी शशि मोहन सिंह के एक्शन से थर्राए अपराधी
रायगढ़: शहर की शांति व्यवस्था को अपनी जेब में समझने वाले गुंडा तत्वों को रायगढ़ पुलिस ने आईना दिखा दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कुख्यात ‘चिन्हांकित’ गुंडा बदमाश कपिल सोलंकी और उसके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सीधे सलाखों के पीछे भेज दिया है। कानून को खिलौना समझने वाले इन अपराधियों की अब हेकड़ी निकल गई है
आशीर्वाद पूरम कॉलोनी के निवासी कमलेश सिंह (52 वर्ष) के घर में 11 जून की दोपहर को जो हुआ, वह शहर के हर नागरिक के लिए एक चेतावनी है। कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाले कमलेश के घर में कपिल सोलंकी अपने साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ डंडा लेकर घुसा। इन बदमाशों ने खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए पीड़ित को धमकाया— “तू हमें नहीं जानता, तेरा मर्डर करवा देंगे!” 7 लाख रुपये की पुरानी उधारी के नाम पर 10 लाख रुपये की अवैध वसूली के लिए इन गुंडों ने डंडे और मुक्कों से जो बर्बरता की, वह इनकी अपराधी मानसिकता को दर्शाती है।
अपराध का काला चिट्ठा: ये ‘बदमाश’ नहीं, अपराध की दुनिया के पुराने खिलाड़ी हैं
- कपिल सोलंकी (मुख्य आरोपी): थाना कोतवाली का चिन्हांकित गुंडा। वर्ष 2014 से अपराधों की दुनिया में सक्रिय इस बदमाश के नाम पर अपराधों की लंबी फेहरिस्त है:
- हत्या का प्रयास (1), पॉक्सो एक्ट (1), आर्म्स एक्ट (3), बलवा (4) और मारपीट के (9) गंभीर मामले। यह व्यक्ति समाज के लिए एक नासूर बन चुका था।
- मनीष परियानी: चक्रधरनगर थाने का पुराना अपराधी। वर्ष 2010 से ही अपराधों में लिप्त।
- लूट, मारपीट, प्रताड़ना, 5 आबकारी एक्ट और 2 जुआ एक्ट के मामले। इसकी हरकतों के कारण पुलिस पहले ही इस पर ‘जिला बदर’ की कार्रवाई कर चुकी है।
गिरीश माखीजा: यह भी कम नहीं है। मारपीट और सट्टेबाजी के 8 से अधिक मामले इसके खिलाफ दर्ज हैं। अब पुलिस इसे भी आधिकारिक तौर पर अपनी ‘गुंडा सूची’ में शामिल करने की तैयारी कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने इन गुंडा तत्वों पर लगाम कसने के लिए कोतवाली पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए थे। पुलिस ने भी बिना किसी दबाव में आए त्वरित कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- कपिल सोलंकी (पिता जयराम सोलंकी), उम्र 36 वर्ष, निवासी- स्टेशन चौक गुजरातीपारा।
- मनीष परियानी (पिता कैलाश परियानी), उम्र 34 वर्ष, निवासी- सिंधी कॉलोनी पक्की खोली।
- गिरीश माखीजा (पिता सुरेश माखीजा), उम्र 38 वर्ष, निवासी- सिंधी कॉलोनी पक्की खोली।



